केवता नदी सहित विभिन्न छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने किया पारण
पंकज कुमार पाठक, समाज जागरण
पदमा। प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की अहले सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर केवता नदी सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक छठ गीत गाते हुए सूप, दउरा और पूजन सामग्री के साथ घाटों पर पहुंचने लगे थे।
छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, व्रतियों ने जल में खड़े होकर दूध और पवित्र जल से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना की।
दीपों और पारंपरिक प्रसाद से सजे घाट
छठ घाटों पर दीपों की रोशनी, केले के घौद, फल-फूल और पारंपरिक प्रसाद से सजे सूप एवं दउरा आकर्षण का केंद्र रहे। छठ गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज के मंगल की कामना की।
36 घंटे के निर्जला व्रत का हुआ समापन
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों के 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का समापन हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच ठेकुआ सहित अन्य पारंपरिक प्रसाद का वितरण किया गया। व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया।
सामाजिक एकता और भाईचारे का दिखा संदेश
पूरे पर्व के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। छठ महापर्व ने एक बार फिर सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सहयोग की अनूठी मिसाल पेश की। घाटों पर श्रद्धालुओं की सहभागिता और सामूहिक पूजा-अर्चना ने लोक आस्था के इस महापर्व की महत्ता को और भी विशेष बना दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




