*पदमा में पुलिस कर्मियों के लिए फिजियोथेरेपी शिविर आयोजित

पंकज कुमार पाठक, दैनिक समाज जागरण

पदमा (हजारीबाग) – झारखंड सशस्त्र पुलिस-07, पदमा परिसर में दिनांक 04 अप्रैल 2026 (शनिवार) को पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक दिवसीय फिजियोथेरेपी केयर कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर समादेष्टा अविनाश कुमार के निर्देशन में तथा प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. प्रत्युष मानस के नेतृत्व में संपन्न हुआ।


शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को शारीरिक समस्याओं से राहत प्रदान करना तथा फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान विशेषज्ञ टीम द्वारा कमर दर्द, घुटने का दर्द, सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस, मांसपेशियों में खिंचाव सहित हड्डी एवं जोड़ से संबंधित विभिन्न समस्याओं का परामर्श एवं उपचार किया गया। लगभग 60 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों ने इस शिविर का लाभ उठाया।


डॉ. प्रत्युष मानस ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली एवं गलत उठने-बैठने की आदतों के कारण हड्डी एवं मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में नियमित व्यायाम एवं सही पॉश्चर बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों को सरल व्यायामों की जानकारी भी दी, जिन्हें वे घर पर आसानी से कर सकते हैं, साथ ही भविष्य में इन समस्याओं से बचाव के उपाय भी बताए।


वहीं, समादेष्टा अविनाश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस कर्मी स्वस्थ रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)