google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में यात्री से एटीएम कार्ड, मोबाइल व पैसे की ठगी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना में एक बार फिर ठगी करने वाला कुख्यात स्विफ्ट डिजायर गैंग सक्रिय हो गया है। यह गैंग पहले भी पटना जंक्शन और आसपास के इलाकों में यात्रियों को निशाना बनाता रहा है। ताजा मामले में नालंदा जिले के रहने वाले रामप्रवेश शर्मा इस गिरोह का शिकार हो गए। शातिरों ने भरोसे में लेकर उन्हें कार में बैठाया, घुमाया और फिर नकद रुपये, एटीएम कार्ड, पिन और मोबाइल लेकर फरार हो गए। शुक्रवार की देर शाम रामप्रवेश शर्मा ट्रेन से पटना जंक्शन पहुंचे। स्टेशन से बाहर निकलते ही उनकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई। सामान्य बातचीत के दौरान उस व्यक्ति ने उनसे पूछा कि उन्हें कहां जाना है। रामप्रवेश ने बताया कि उन्हें नालंदा जाना है। इस पर उस व्यक्ति ने कहा कि वह भी नालंदा ही जा रहा है और दोनों साथ चल सकते हैं। बातचीत को सहज बनाते हुए उसने भरोसा दिलाया कि उसके भाई कार से रिसीव करने आने वाले हैं और चाहें तो रामप्रवेश भी उसी कार में बैठ सकते हैं।

इस बातचीत के बाद दोनों साथ-साथ चलते हुए मीठापुर पहुंचे। वहां पहले से एक स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी थी। कार में बैठते ही रामप्रवेश को यह एहसास नहीं हुआ कि वह ठगी का शिकार होने वाले हैं। कार में बैठने के बाद शातिरों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में गाड़ी घुमानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद वे रामकृष्णा नगर इलाके के बाईपास की ओर बढ़ गए। इस दौरान कार में मौजूद लोग लगातार बातचीत के जरिए रामप्रवेश को उलझाते रहे। रामप्रवेश के अनुसार, कार में बैठे शातिरों ने अचानक एक नई कहानी गढ़ दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी देर में एक मैडम इस गाड़ी में बैठने वाली हैं, जिनके पास एक करोड़ रुपये हैं। उन्होंने डर दिखाया कि अगर रामप्रवेश के पास मौजूद रुपये उनसे मैच कर गए तो वह कानूनी पचड़े में फंस सकते हैं। इसी बहाने उन्होंने रामप्रवेश से कहा कि जो भी नकदी और कीमती सामान है, वह पहले उन्हें दे दें ताकि कोई समस्या न हो।डर और भ्रम की स्थिति में रामप्रवेश ने शातिरों की बातों पर भरोसा कर लिया। उन्होंने 5000 रुपये नकद, अपना एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और यहां तक कि एटीएम का पिन भी उन्हें दे दिया।

शातिरों ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही मैडम गाड़ी में बैठेंगी, रामप्रवेश उन्हें प्रणाम कर लें और फिर वापस गाड़ी में बैठ जाएं। इसी बहाने उन्होंने रामप्रवेश को कार से नीचे उतार दिया। जैसे ही रामप्रवेश कार से नीचे उतरे, शातिर तेजी से कार लेकर फरार हो गए। कुछ ही पलों में रामप्रवेश समझ गए कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। बाद में पता चला कि शातिरों ने उनके एटीएम कार्ड से 15-15 हजार रुपये की कई ट्रांजेक्शन कर कुल एक लाख रुपये निकाल लिए हैं। इस तरह कुछ ही समय में रामप्रवेश को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।घटना के बाद रामप्रवेश ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह गैंग पहले भी पटना जंक्शन के आसपास इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कार के नंबर समेत अन्य सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)