समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के मनेर विधानसभा क्षेत्र में जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी गोपाल उर्फ संदीप सिंह की प्रचार गाड़ी पर मंगलवार की देर रात हमला किया गया। बताया जा रहा है कि प्रचार वाहन ब्रह्मचारी गांव के पास पहुंचा था इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने गाड़ी को रोककर ड्राइवर पर दबाव बनाया कि वह एक विशेष राजनीतिक दल का गाना बजाए। जब ड्राइवर बिट्टू ने ऐसा करने से इनकार किया, तो स्थिति अचानक हिंसक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों की संख्या करीब दर्जनभर थी। उन्होंने पहले प्रचार गाड़ी को घेर लिया और वाहन चालक से जबरन गाना बजाने की मांग की। बिट्टू के बार-बार मना करने पर भीड़ उग्र हो गई और गाड़ी पर लगे पोस्टर और बैनर फाड़ दिए। इसके बाद गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और ड्राइवर के साथ गाली-गलौज के साथ मारपीट भी की गई। घटना इतनी अचानक हुई कि ड्राइवर को समझ नहीं आया कि वे क्या करें, लेकिन किसी तरह से वह वाहन को निकालकर मनेर थाने पहुंचने में सफल रहे। ड्राइवर बिट्टू ने थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार को दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और रात में ही पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार विवाद गाने बजाने को लेकर शुरू हुआ था, जिसे कुछ लोगों ने राजनीतिक रंग देकर हिंसा का रूप दे दिया। जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी गोपाल उर्फ संदीप सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ उनके प्रचार वाहन पर नहीं बल्कि बिहार की शांतिपूर्ण राजनीति पर हमला है। उनका कहना है कि कुछ लोग चुनावी वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं ताकि जनता का ध्यान मुद्दों से हट जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह हमला सोच-समझकर किया गया है ताकि जनसुराज पार्टी की छवि खराब की जा सके और लोगों में डर का माहौल बनाया जा सके। उन्होंने जनता से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और भयभीत न हों। उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी और अपराधियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करेगी।



