समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 स्थित एक मकान से 65 वर्षीय महिला अधिवक्ता की अधजली लाश बरामद हुई। मृतका की पहचान डॉ. इंद्रा लक्ष्मी के रूप में हुई है। वे पटना सिविल कोर्ट और उच्च न्यायालय में वकालत करती थीं। बताया जा रहा है कि वे राजेंद्र नगर स्थित अपने दो मंजिला मकान में अकेली रहती थीं। उनके पति अमरेंद्र कुमार फिलहाल झारखंड के रांची में रहते हैं, जबकि उनकी बेटी बेंगलुरु में रहती है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार, उसी मकान में रहने वाले किरायेदारों ने बुधवार सुबह गेट के पास एक अधजली लाश देखी। शव की स्थिति देखकर वे घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की और प्रारंभिक जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग कैसे लगी और क्या महिला की मौत आग लगने से हुई या पहले किसी अन्य कारण से उनकी जान गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसे का है या किसी साजिश का परिणाम। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास के लोगों और किरायेदारों से पूछताछ की जा रही है।
घर के अंदर और बाहर के हिस्सों की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय कोई संदिग्ध व्यक्ति वहां मौजूद था या नहीं। राजेंद्र नगर जैसे रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि डॉ. इंद्रा लक्ष्मी शांत स्वभाव की महिला थीं और अपने काम से मतलब रखती थीं। वे नियमित रूप से अदालत जाती थीं और समाज में उनकी अच्छी पहचान थी। ऐसे में उनकी अधजली लाश मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।

डॉ. इंद्रा लक्ष्मी सिविल कोर्ट और उच्च न्यायालय में सक्रिय रूप से वकालत करती थीं। उनकी मौत की खबर से अधिवक्ताओं में भी शोक और आक्रोश है। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना के कारण सिविल कोर्ट का कामकाज प्रभावित हो सकता है। बुधवार को अदालत में कुछ महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई भी प्रस्तावित थी, जिनमें सांसद पप्पू यादव से जुड़े दो मामलों की सुनवाई भी शामिल थी। पुलिस ने मृतका के पति और बेटी को घटना की जानकारी दे दी है। दोनों के पटना पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



