समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के पटवध ग्राम पंचायत स्थित अमिला मोड़ वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर शाम तकरीबन साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। इस हादसे में मोटरसाइकिल बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक शाहनवाज हुसैन पुत्र निसार अली, निवासी थाना पन्नूगंज को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल अंकित गुप्ता (24 वर्ष) पुत्र सोनू गुप्ता, निवासी रामगढ़, थाना पन्नूगंज, के सिर में गंभीर चोटें आयीं हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताते हैं कि मोटरसाइकिल बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। पटवध तिराहे के पास चालक का संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकरायी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चोपन पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और मोटरसाइकिल बाइक का अनियंत्रित होना बताया जाता है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई करेगी।



