वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
राज्य सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत कुल 6 प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत किशनगंज जिले के कुल 1,62,649 लाभुकों को प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा दिनांक 11 जुलाई 2025 को पेंशन राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह कर दी गई है। माह जून 2025 से प्रत्येक लाभुक को ₹1100 प्रतिमाह पेंशनधारियों के खाते में अंतरित की जा रही है।
मुख्यमंत्री बिहार के द्वारा आज पूरे बिहार में 1 करोड़ 12 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में ₹1247 करोड़ 34 लाख की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इसके साथ-साथ किशनगंज जिला अंतर्गत 1,62,649 पेंशनधारियों को वर्तमान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त हो रहा है, जिसे ₹1100 प्रतिमाह कर दिया गया है। दिनांक 10.08.2025 को मुख्यमंत्री द्वारा पुनः माह जुलाई-2025 के लिए ₹1100 की दर से कुल ₹17,89,13,900 (सत्रह करोड़ नवासी लाख तेरह हजार नौ सौ) राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी गई है।
राज्यव्यापी कार्यक्रम का आयोजन, मुख्यमंत्री का संदेश लाभुकों तक पहुँचा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि के डीबीटी अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्मित लघु फिल्म सभी लाभुकों कोदिखाई गई।
किशनगंज जिले में मुख्य कार्यक्रम महानंदा सभागार, समाहरणालय किशनगंज में आयोजित किया गया। इसके अलावा प्रखंड मुख्यालय (07), सभी ग्राम पंचायत कार्यालय (125) तथा नगर पंचायत कार्यालय (03) सहित कुल 136 स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, रवि शंकर तिवारी द्वारा की गई। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के संदर्भ में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभुकों के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। यह पहल वृद्धजनों को आर्थिक सम्मान देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को सहायता और संबल देना है ताकि उनके आत्मसम्मान में वृद्धि हो एवं उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने का अवसर मिले। वृद्धजनों के लिए यह एक सकारात्मक और सम्मानजनक पहल है, तथा राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन हमेशा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर लाभुक वृद्धजनों ने सरकार के इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की और मुख्यमंत्री बिहार एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय 20 सूत्रीय कार्यक्रम के सदस्य एवं जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सभी कर्मी तथा बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद रहे। कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीमिंग भी किया गया, जिसे सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं लाभुकों को दिखाया गया।
जिले में लगभग 40000 से अधिक पेंशनधारियों ने इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण को देखा।



