e-KYC और फॉर्मर आईडी नहीं तो अटक जाएगा पैसा
वीरेंद्र चौहान | समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभ लेने वाले किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 दिसंबर 2025 तक e-KYC और फॉर्मर आईडी बनवाना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले किसानों को फरवरी में आने वाली पीएम-किसान की अगली किस्त नहीं मिल पाएगी।
इसी को लेकर किशनगंज के जिलाधिकारी ने जिले भर में लगाए जा रहे फॉर्मर रजिस्ट्री कैंपों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
किशनगंज में चिंताजनक स्थिति
जिला कृषि विभाग के अनुसार किशनगंज में कुल 1,03,464 सक्रिय पीएम-किसान लाभुक हैं, लेकिन इनमें से अब तक
- केवल 41,422 किसानों की e-KYC
- और महज 10,211 किसानों की फॉर्मर आईडी ही बन पाई है।
यानी बड़ी संख्या में किसान अभी भी इस जरूरी प्रक्रिया से वंचित हैं।
इन प्रखंडों की स्थिति
- पोठिया प्रखंड में e-KYC की प्रगति सबसे बेहतर (53.97%)
- कोचाधामन प्रखंड में फॉर्मर आईडी की स्थिति सबसे खराब (सिर्फ 3.79%)
कम प्रगति को देखते हुए जिलाधिकारी ने कोचाधामन प्रखंड में अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
कैंप में उमड़े किसान
31 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी ने किशनगंज प्रखंड के बेलवा पंचायत अंतर्गत सालकी गांव में आयोजित फॉर्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण किया। कैंप में बड़ी संख्या में किसान e-KYC और फॉर्मर आईडी बनवाने पहुंचे, जिससे साफ है कि किसानों में जागरूकता बढ़ रही है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने पंचायत के किसान सलाहकार या कृषि समन्वयक से संपर्क कर कैंप में अवश्य भाग लें और समय रहते e-KYC व फॉर्मर आईडी बनवाएं।
फॉर्मर आईडी से मिलेंगे ये फायदे
- पीएम-किसान की किस्त
- केसीसी (KCC) लोन
- अन्य कृषि योजनाओं का लाभ
- प्राकृतिक आपदा में मुआवजा
महत्वपूर्ण सूचना
👉 e-KYC और फॉर्मर आईडी नहीं तो आगे किसी भी कृषि योजना का लाभ मिलना मुश्किल हो सकता है।



