वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज
किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र के पश्चिम पाली, चूड़ी पट्टी, डे मार्केट, गुदरी बाजार समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर लगने वाला जाम आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बना हुआ है। प्रतिदिन राहगीरों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार शहर की सड़कों पर जगह-जगह सब्जी मंडी एवं अन्य दुकानों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। कई बड़े मॉल और दुकानों ने ग्राहकों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की है, जिसके कारण वाहन सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं। इसके अलावा स्थानीय दुकानदारों द्वारा भी सड़क किनारे दुकान सजाकर अतिक्रमण किया गया है।
शहर में टोटो (ई-रिक्शा) की संख्या अत्यधिक बढ़ जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। जैसे ही किसी मार्ग पर बड़ा वाहन प्रवेश करता है, जाम लगना शुरू हो जाता है। सुबह से लेकर शाम तक जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे राहगीरों, छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, लेकिन अभियान के अगले ही दिन स्थिति पुनः जस की तस हो जाती है। आज तक शहरवासियों को जाम की समस्या से स्थायी राहत नहीं मिल पाई है।
इन्हीं मार्गों से होकर कोर्ट, टाउन थाना, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, स्कूल, गैस गोदाम, साथ ही एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों का आवागमन होता है। जाम के कारण आपात सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।जाम में फंसे लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे कर जीत जाते हैं, लेकिन बाद में जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते। शहरवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



