वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
15 जून। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 698.5 ग्राम हेरोइन, 22,400 रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल से अवैध मादक पदार्थ की एक बड़ी खेप किशनगंज में पहुंचाई जाने वाली है। सूचना के आधार पर उनके निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सोमवार अहले सुबह किशनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर चेक पोस्ट के समीप एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 698.5 ग्राम हेरोइन, 22,400 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशनपुर थाना क्षेत्र के कैरी बीरपुर निवासी श्याम लाल हरिजन (25 वर्ष), बहादुरगंज थाना क्षेत्र के मैनेजर टोला डोहर निवासी हुसैन आरजू (31 वर्ष) तथा बहादुरगंज निवासी मो. आलम उर्फ भोला सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, तस्करी नेटवर्क तथा बरामद हेरोइन के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला की जांच में जुटी है। साथ ही मामले से जुड़े अपराधियों की अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
इस संबंध में किशनगंज थाना कांड संख्या 634/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज, किशनगंज थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार, जिला आसूचना इकाई एवं किशनगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी पुलिस को दें। सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



