google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार का किया बड़ा खुलासा, 1.48 करोड़ रुपये के टिकट जब्त

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
31 जुलाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए हैं। छापेमारी के दौरान 3,19,200 अवैध लॉटरी टिकट तथा 23,450 रुपये नकद जब्त किए गए। मामले में एक नामजद आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।


पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को किशनगंज थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि रहमानी कॉलोनी क्षेत्र के एक किराये के मकान में भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट रखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।


गठित टीम ने मोहिउद्दीनपुर वार्ड संख्या-1 स्थित एक दो मंजिला पक्के मकान में विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलग-अलग मूल्य के कुल 3,19,200 अवैध लॉटरी टिकट, जिनकी अनुमानित कीमत 1,48,50,000 रुपये है, तथा 23,450 रुपये नकद बरामद किए गए।


पूछताछ में किराये के मकान में रहने वाले अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद अकबर (42 वर्ष), पिता- मोहम्मद बेलाल अहमद, निवासी सीएम स्कूल, पांजीपाड़ा बाजार, थाना ग्वालपोखर, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) इस मकान में अवैध लॉटरी टिकट मंगवाकर रखते थे और किशनगंज क्षेत्र में थोक स्तर पर विभिन्न लोगों को बेचते थे।


पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों, इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति की पहचान कर उसे नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।


इस संबंध में किशनगंज थाना कांड संख्या-862/2026 दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की विभिन्न धाराओं तथा बिहार बैन ऑन लॉटरी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी मोहम्मद अकबर के विरुद्ध अवैध लॉटरी कारोबार से संबंधित वर्ष 2025 और 2026 में भी किशनगंज थाना में दो मामले दर्ज हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह लंबे समय से इस अवैध धंधे से जुड़ा रहा है।


छापेमारी दल में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, किशनगंज थानाध्यक्ष निरीक्षक मुकेश कुमार सहित किशनगंज थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)