मैडल हासिल होने पर काग्रेस ने किया अभिनंदन
बिरसिंहपुर पाली — पाली नगर की बेटी प्रिया श्रीवास्तव ने देश भर में पाली नगर के साथ शहडोल संभाग का नाम रोशन किया है। कॉर्पोरल प्रिया श्रीवास्तव, पिता श्री प्रदीप श्रीवास्तव (के.के. पावर प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत) एवं माता श्रीमती मंजू श्रीवास्तव (शिक्षिका) की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल, बिरसिंहपुर पाली से पूर्ण की है। वर्तमान में वह पीपुल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल से बैचलर ऑफ कॉमर्स (बी.कॉम) की पढ़ाई कर रही हैं तथा पीपुल्स यूनिवर्सिटी की एनसीसी आर्मी विंग, 4 एमपी गर्ल्स बटालियन की कैडेट हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया। गणतंत्र दिवस परेड से जुड़े फ्लैग एरिया एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 28 जनवरी को आयोजित प्रधानमंत्री रैली के लिए उनका चयन हुआ।
उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स द्वारा मेडलियन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें माननीय राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, थलसेना प्रमुख, नौसेना प्रमुख एवं वायुसेना प्रमुख सहित कई गणमान्य व्यक्तियों से मिलने एवं उनके निवास पर जाने का अवसर भी प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त उन्होंने नौसेना प्रमुख के निवास पर जाकर माननीय रक्षा मंत्री एवं माननीय रक्षा राज्य मंत्री से भेंट की। उन्हें मध्यप्रदेश के राज्यपाल द्वारा पदक व प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री द्वारा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रिया को मिली इस असहज उपलब्धि से नगर में हर्ष की लहर बनी हुई है इस अनुकरणीय सफलता का सम्मान करने काग्रेस ने कदम बढाया, और ब्लाक काग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा अपने टीम के साथ पहुँच कर दैनंदनी, कलम और गुलदस्ता से भेंट कर सम्मान के पलों को दुगुणित कर दिया है । ब्लाक अध्यक्ष पाली के साथ रमेश सिंह, शनू उपाध्याय, रजनीश तिवारी, दुर्गेश नामदेव, अजीत श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, के साथ अन्य साथियों की उपस्थिति सराहनीय रही।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



