वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के किशनगंज सेंटर से संबंधित शैक्षणिक मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को लगातार पत्राचार किया गया है। इस क्रम में सांसद द्वारा लेटर नंबर MJ/LS/25/92 दिनांक 07 जुलाई 2025, MJ/LS/25/110 दिनांक 04 अगस्त 2025 तथा MJ/LS/24/11 दिनांक 27 नवंबर 2024 के माध्यम से AMU किशनगंज सेंटर में नए एकेडमिक प्रोग्राम शुरू किए जाने का अनुरोध किया गया था।
इन पत्रों पर की गई कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए शिक्षा एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राज्य मंत्री डॉ. सुकांता मजुमदार ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा किशनगंज सेंटर के लिए कई नए शैक्षणिक कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड BA LL.B., B.A. B.Ed. (सोशल साइंसेज एवं ह्यूमैनिटीज), B.Sc. B.Ed. (साइंस), B.Com. B.Ed. (कॉमर्स) तथा BBA (सेल्फ-फाइनेंस स्कीम) शामिल हैं।
राज्य मंत्री ने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों को संबंधित बोर्ड ऑफ स्टडीज़ से विभागीय स्तर पर स्वीकृति मिल चुकी है और इन्हें प्रारंभ करने के लिए आवश्यक औपचारिक प्रक्रियाएं जारी हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 12वीं पंचवर्षीय योजना के तहत वर्ष 2015 में किशनगंज सेंटर के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई थी। हालांकि, नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (NMCG), नई दिल्ली के निर्देशों के कारण आधारभूत संरचना विकास के लिए अतिरिक्त राशि का निर्गमन फिलहाल लंबित है। इस संबंध में विश्वविद्यालय द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत से किशनगंज और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलने की संभावना है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



