google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बाढ़ में शराबबंदी के तहत छापेमारी करने गई मद्य निषेध टीम पर हमला

दो घायल; पुलिस ने शुरू की जांच

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय गांव में शराबबंदी कानून के तहत छापेमारी करने गई मद्य निषेध विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। रानीसराय के पासवान टोला स्थित एक होटल में अवैध शराब बिक्री और सेवन की गुप्त सूचना पर पहुंची टीम को स्थानीय लोगों के उग्र विरोध का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

इस हिंसक झड़प में मद्य निषेध विभाग के दो सरकारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हमले में वाहन चालक कन्हैया कुमार और सिपाही उदित राज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 आशीष श्रीवास्तव और बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

फिलहाल पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। मद्य निषेध विभाग के निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक होटल में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं, घटना का दूसरा पहलू भी सामने आया है। होटल संचालक मोहित पासवान और उनके परिजनों ने विभाग की टीम पर मनमानी और बिना सूचना के घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

रूना देवी और सुमन कुमारी सहित अन्य परिजनों का दावा है कि अधिकारियों ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया और प्रतिष्ठान में तोड़फोड़ की। प्रशासन ने इस हमले को गंभीर चुनौती माना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे घटना के दौरान के वीडियो फुटेज, साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)