समाज जागरण
मीरजापुर /हलिया क्षेत्र में गुरुवार की देर रात तेज आंधी-तूफान और बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। चक्रवाती तूफान के चलते विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई स्थानों पर पेड़ बिजली लाइनों पर गिर गए जिससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं कई लोगों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है।
विद्युत उपकेंद्र बरौंधा के अवर अभियंता सतीश कुमार यादव ने बताया कि नेवादा गांव में 33 हजार वोल्ट की लाइन पर विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ गिर जाने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इसके अलावा बनवा से नौगांव मार्ग पर 11 हजार वोल्ट की लाइन पर भी यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। विभागीय कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। उधर हलिया थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में संतोष पांडेय के मड़हे पर तेज आंधी का कहर टूट पड़ा। मड़हे की ईंट की दीवार और टीनशेड भरभराकर गिर पड़े।
जिससे वहां खड़ी बोलेरो, कमांडर जीप, सिफ्ट कार और दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। बरौंधा क्षेत्र में दिनेश पांडेय के घर के बाहर लगा टीनशेड तेज हवा में उड़ गया। टीनशेड के नीचे बंधी भैंस उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पशु चिकित्सकों को दे दी गई है। तेज आंधी और बारिश से क्षेत्र में आम के पेड़ों पर लगे फल भी बड़ी संख्या में टूटकर गिर गए। हालांकि तूफान में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन कई लोगों के टीनशेड और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



