लखनऊ पीजीआई थानाक्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने ऑफिस के सामने मोबाइल से बात कर रहे थे। आसपास के लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर को तुरंत अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें बदमाश प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ गोलियां मारते दिख रहा। हत्या के बाद बदमाश अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। प्रॉपटी डीलर संदीप सिंह जौनपुर जिले के रहने वाले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी के जरिए हत्या की जांच में जुटी हुई है।
प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे। वह अपने परिवार के साथ कालिंदी पार्क के पास रहते हैं। बुधवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच वह अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव मार्केट में अपने ऑफिस पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि संदीप कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़ ही रहे थे। तभी बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही संदीप घायल होकर गिर पड़े, तभी आरोपी बाइक से भाग निकले।
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, हमला करने वाले बाइक सवार बदमाश काफी पेशेवर अंदाज में आए थे। बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट लगाए हुए था। जबकि, पीछे बैठे हमलावर ने अपना मुंह सफेद गमछे से बांध रखा था।
वारदात को अंजाम देते समय एक बदमाश अपाचे बाइक स्टार्ट किए हुए पहले से खड़ा हुआ था। संदीप को कई गोलियां मारने वाला दूसरा बदमाश दौड़ते हुए बाइक पर बैठा। जिसके बाद दोनों भाग निकले। संदीप सिंह के परिवार में पत्नी प्रीति सिंह, बेटा सार्थक सिंह और बेटी सीवी सिंह हैं।

पुलिस को घटना की 50 सेकंड की CCTV फुटेज मिली है। इसमें दिख रहा कि प्रॉपर्टी डीलर संदीप कार से नीचे उतरने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए आगे बढ़ते हैं। इस दौरान सफेद शर्ट और नीले जींस पहने बदमाश उनके पास आता है। उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है।
पहली गोली सीने के पास लगते ही संदीप सड़क पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद भी बदमाश उन पर लगातार फायरिंग करता रहता है। वह आखिरी गोली संदीप के सिर के पास मारता है। इसे लेकर पुलिस मान रही है कि बदमाश पेशेवर भी हो सकते हैं।
एडीसीपी साउथ और एसीपी गोसाईगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश समेत कई ऐंगल पर जांच की जा रही है।
करीब डेढ़ साल पहले खोला था ऑफिस
संदीप सिंह ने करीब डेढ़ साल पहले कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव कॉम्प्लेक्स में पीएसएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ऑफिस खोला था। ऑफिस में पांच कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि उनकी तीन साइटें चल रही हैं।
एक मोहनलालगंज इलाके के डॉन बॉस्को स्कूल के पास, दूसरी मोहनलालगंज तहसील के पास और तीसरी कानपुर रोड पर अमौसी रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित है। कर्मचारियों के मुताबिक संदीप सिंह बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे।DCP साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया-
” आज दोपहर लगभग 1 बजे संदीप सिंह को गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई। सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं। संदीप को गोली मारने वाले बाइक सवार 2 युवक दिखे हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



