समाज जागरण गौतमबुद्धनगर, 08 फरवरी 2026।
राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज, नोएडा में जिला स्तरीय गणित मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के निर्देशन तथा जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक अर्चना शिरोमणि के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विद्यालय की ओर से कार्यक्रम की समन्वयक कविता सक्सेना ने बताया कि इस प्रदर्शनी में नोएडा क्षेत्र के चार विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी एवं पूर्व भारतीय जूडो टीम के कोच रविंद्र दहिया तथा विशिष्ट अतिथि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जूडो एवं एथलेटिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मनीष मान द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया।

इसके पश्चात अतिथियों एवं निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणितीय मॉडलों का अवलोकन किया। निर्णायक समिति में जी.एन.आई.ओ.टी. के प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार सिंह एवं गणित शिक्षिका वंदना कौशिक शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने गणित की विभिन्न अवधारणाओं पर आधारित आकर्षक व उपयोगी मॉडल प्रस्तुत कर दैनिक जीवन में गणित के व्यावहारिक उपयोग को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर “गणित क्यों आवश्यक है” विषय पर विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया गया, जिससे उनकी तार्किक सोच और गणित के प्रति रुचि को प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम के अंत में परिणाम घोषित किए गए।
प्रथम स्थान मंथन स्कूल की छात्रा दिव्या सिंह को उनके मैथ क्वेस्ट मॉडल के लिए मिला। द्वितीय स्थान पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र अर्णव गुप्ता को गणित के इतिहास पर आधारित मॉडल के लिए तथा तृतीय स्थान जे.पी. स्कूल के छात्र विशाल सिंह को कोणों एवं समानांतर रेखाओं पर आधारित मॉडल के लिए प्रदान किया गया। वहीं डायमंड पब्लिक स्कूल के छात्र हिमांशु एवं आदित्य को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रमेश कुमार (वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज – WASME) एवं मनीषा श्रीवास्तव (ए.आर.पी., शिक्षा विभाग) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ नवाचार, विश्लेषण क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और गणित के क्षेत्र में नई दिशा देती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज टंडन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षिकाएँ नीलम रानी, सोनी सिंह, ऋचा एवं शकीला की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
— सौजन्य: सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर



