विजय शंकर पाण्डेय/समाज जागरण खलियारी। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा की ओर से विधानसभा क्षेत्र 401 के अंतर्गत चतरा ब्लॉक के डोमरिया चेरो बस्ती में रविवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने बिजली विभाग की ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए संदीप मिश्र ने कहा कि जनपद के ग्रामीण इलाकों में बिजली विभाग की मनमानी से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि जहां भी वे जाते हैं, लोगों की एक ही पीड़ा सामने आती है कि “घर में मात्र पांच बल्ब और एक पंखा होने के बावजूद लाखों रुपये का बिजली बिल थमा दिया जा रहा है।” यह स्थिति आम उपभोक्ताओं के साथ खुला अन्याय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर मुफ्त राशन देकर अपनी उपलब्धियां गिनाती है, वहीं दूसरी ओर उन्हीं राशन कार्डधारकों पर मनमाने और शोषणकारी बिजली बिल थोपे जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की कमर टूट रही है। संदीप मिश्र ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग पूरी तरह अहंकार में डूबे हुए हैं और जनता के दुख-दर्द से उनका कोई सरोकार नहीं रह गया है।
मोर्चा संयोजक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिजली विभाग की मनमानी पर शीघ्र रोक नहीं लगी, तो आने वाले दिनों में जिले के मुख्यालय पर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता के शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रद्युम्न बिंद, रामरक्षा बिंद, विनोद चेरो, बाबूलाल चेरो, वकील प्रजापति, विजय जायसवाल, बरमतिया चेरो, फूलवती, आकाश, विजय, शत्रुधन, विवेक, धीरज और अजय सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जन चौपाल में ग्रामीणों ने एक स्वर में बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



