विजय कुमार अग्रहरी/ ब्यूरो चीफ, समाज जागरण
सोनभद्र। ऊर्जांचल क्षेत्र में दुद्धीचुआ खदान मोड़ से शक्तिनगर-अनपरा मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर जनता ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की है। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी सोनभद्र के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सड़क की बदहाली को जनजीवन के लिए गंभीर खतरा बताया गया है। यह ज्ञापन थाना अध्यक्ष शक्तिनगर के माध्यम से प्रेषित किया गया। ज्ञापन में बताया गया है कि दुद्धीचुआ मोड़, शक्तिनगर थाना मोड़, पीडब्ल्यूडी तिराहा, खड़िया बाजार, बोदरा बाबा क्षेत्र और खड़िया पेट्रोल पंप के आसपास की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके अतिरिक्त, कई स्थानों पर पुलिया निर्माण कार्य अधूरा होने से समस्या और भी गंभीर हो गई है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, इसी मार्ग से प्रतिदिन कोयला और राखड़ परिवहन करने वाले भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। मानसून के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और भी बढ़ जाएगी। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से कई मांगें की गई हैं। इनमें सड़क का स्थायी निर्माण, अधूरी पुलिया का शीघ्र निर्माण, नियमित जल छिड़काव, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, नाइट रिफ्लेक्टर लगाना, भारी वाहनों की गति सीमा निर्धारित करना और डिवाइडर के बीच पौधारोपण कराना शामिल है।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए क्षेत्रवासी रंजीत राय और राघवेंद्र सिंह ने कहा कि विकास की बड़ी-बड़ी योजनाओं के बीच मूलभूत सुविधाओं की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 21 दिनों के भीतर समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ऊर्जांचलवासी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन और जनता कर्फ्यू शुरू करने को बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस ज्ञापन पर क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर सड़क सुरक्षा और जनहित के मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस अवसर पर शशि राज शर्मा, पंकज चौबे, रंजीत सिंह, राजीव शर्मा, रितेश शर्मा, बृजेश कुमार, बीडीसी प्रभात कुमार, करण कुमार, भोला, संतोष सोनी, हिमांशु, रोहित सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



