पं. दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर में गणित मेला का परिणाम घोषित

समाज जागरण संवाददाता — कुलदीप सिंह
लखीमपुर खीरी।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (सीबीएसई बोर्ड), लखीमपुर खीरी में आयोजित गणित मेले का परिणाम आज घोषित किया गया। गणित मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि जागृत करना तथा उनकी तार्किक सोच, विश्लेषण क्षमता एवं रचनात्मकता का विकास करना रहा।

गणित मेले के अंतर्गत विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें गणित कविता, गणित निबंध (जूनियर व सीनियर वर्ग), गणित रंगोली, गणित मापन, गणित अनुमापन, गणित चित्रकला (जूनियर व सीनियर वर्ग), गणित चार्ट (प्राइमरी व जूनियर वर्ग), गणित प्रदर्शन (बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग), गणित भजन, गणित स्टॉल तथा गणित भाषण प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

गणित प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान ने कहा कि “गणित केवल अंकों का विषय नहीं है, बल्कि जीवन को व्यवस्थित करने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। गणित मेला विद्यार्थियों में तर्क, विश्लेषण, समस्या समाधान एवं आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। जब विद्यार्थी प्रयोग, प्रदर्शन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखते हैं, तब ज्ञान स्थायी बनता है।”

उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि “जीतने से अधिक महत्वपूर्ण सीखने की प्रक्रिया है। प्रत्येक विद्यार्थी का प्रयास ही उसकी वास्तविक सफलता है।” साथ ही उन्होंने आचार्य परिवार को इस सफल आयोजन हेतु बधाई दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन आचार्य संजय द्विवेदी द्वारा किया गया। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)