भू-समाधान, मद्य निषेध व परिवहन मामलों पर समीक्षा बैठक सम्पन्न

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सभी थाना प्रभारियों के साथ मद्य निषेध, परिवहन (ई-डार), नीलाम पत्र वाद एवं भूमि विवाद से संबंधित विषयों पर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मद्य निषेध, ई-डार (परिवहन), नीलाम पत्र वाद, जब्त शराब के विनिष्टीकरण, वारंट निष्पादन तथा लंबित मामलों के निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई।


इस दौरान हिट एंड रन तथा नॉन हिट एंड रन मामलों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने ट्रैफिक थाना अंतर्गत इन मामलों की समुचित समीक्षा के लिए संबंधित पदाधिकारी (एडीटीओ) को निर्देशित किया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि हिट एंड रन मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
भू-समाधान से जुड़े मामलों पर अगली बैठक में विस्तृत चर्चा करने का निर्णय लिया गया।


मद्य निषेध की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि मार्च माह में कुछ थानों में शून्य बरामदगी दर्ज की गई है। इस पर जिला पदाधिकारी ने गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी संबंधित थानों को अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अधीक्षक मद्य निषेध को थाना-वार विनिष्टीकरण से संबंधित प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए गए।


नीलाम पत्र (सर्टिफिकेट केस) से संबंधित 25 वर्ष से अधिक पुराने पांच मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित कर राजस्व वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त किशनगंज, बहादुरगंज, कोचाधामन, ठाकुरगंज एवं पोठिया थानों में लंबित मामलों का स्थलीय निरीक्षण कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


साथ ही सभी पुराने लंबित सर्टिफिकेट मामलों को चरणबद्ध तरीके से निष्पादित करने तथा विशेष रूप से 25 वर्ष से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।


अंत में निर्देश दिया गया कि उपर्युक्त सभी बिंदुओं की प्रगति की समीक्षा अगली बैठक में विस्तार से की जाएगी।
बैठक में मद्य निषेध पदाधिकारी, नीलाम पत्र पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)