जानीपुर थाने में मामला दर्ज
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत कोरियामा गांव में दबंगई और लूटपाट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के एक बुजुर्ग राजद नेता रामलाल राय के साथ गांव के ही एक युवक ने न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनकी जेब से पांच हजार रुपये भी छीन लिए। पीड़ित ने इस संबंध में जानीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।पीड़ित रामलाल राय ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सोमवार को चक मूसा गांव के कुछ लोग भैंस खरीदने के उद्देश्य से कोरियामा आए थे।
इसी दौरान गांव के ही राजू यादव ने बिना किसी उकसावे के उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। रामलाल राय का आरोप है कि पिटाई के दौरान आरोपी ने उनकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने जाते-जाते उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
उसने यह भी कहा कि “थाना-पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।” घटना के प्रत्यक्षदर्शी चक मूसा निवासी दीपू बाबू व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी के खौफ के कारण कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। स्थानीय लोगों के मुताबिक, राजू यादव का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह अक्सर ग्रामीणों के साथ दबंगई करता है। घटना के बाद पीड़ित ने जानीपुर थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया।
पुलिस ने उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए फुलवारी शरीफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज किया गया। जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस टीम घटना की जांच कर रही है और तथ्यों की पुष्टि के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पीड़ित परिवार दहशत में है और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



