समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध और गरीब परिवारों के पुनर्वास की मांग को लेकर गरमाया माहौल फिलहाल शांत हो गया है। जिला प्रशासन और भाकपा (माले) के प्रतिनिधि मंडल के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में मिले सकारात्मक आश्वासनों के बाद भाकपा (माले) ने 17 जून को प्रस्तावित प्रतिवाद मार्च को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
फुलवारी शरीफ के नदियावा में 17 जून को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के दौरान भाकपा (माले) ने प्रतिवाद मार्च निकालने की घोषणा की थी। यह विरोध प्रदर्शन गरीब बस्तियों में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बुलडोजर चलाने और आवास व रोजगार की समस्याओं को लेकर किया जाना था।पटना जिलाधिकारी डॉ. एस.एम. त्यागराजन के साथ हुई बैठक में प्रशासन की ओर से गरीब परिवारों को बड़ी राहत दी गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी गरीब परिवार के आशियाने पर तब तक बुलडोजर नहीं चलाया जाएगा, जब तक उनके पुनर्वास की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित न हो जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में लंबे समय से लंबित जन-कल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने फुलवारी अंचलाधिकारी को खड़िहा मुसहरी, पलंगा मुसहरी और नत्थूपुर रेलवे लाइन किनारे बसे नट समुदाय के परिवारों को 15 दिनों के भीतर भूमि पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही रुकी हुई विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं को तत्काल प्रभाव से सुचारू करने का आश्वासन भी दिया गया। भाकपा (माले) प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने कहा कि प्रशासन के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही है, इसलिए फिलहाल आंदोलन को विराम दिया गया है। उन्होंने साफ किया कि संगठन गरीबों के हक, जमीन और रोजगार के सवाल पर अडिग है। यदि प्रशासन अपने आश्वासनों पर खरा नहीं उतरता है, तो भाकपा (माले) कड़ा रुख अपनाएगी। इन मुद्दों पर प्रगति की समीक्षा के लिए अगली बैठक 22 जून को निर्धारित की गई है।
बैठक में जिलाधिकारी के अलावा एसपी सिटी पूर्वी परिचय कुमार, बीडीओ विजय कुमार मिश्रा, सीओ सुनील कुमार, डीएसपी रंजन कुमार, एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह सहित माले नेता गुरुदेव दास, शरीफा मांझी, देवी लाल पासवान, अनिल कुमार चंद्रवंशी और मंटू साह मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



