वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज: नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या–02 के कजलामनी मोड़ स्थित पुराने शैलेश मंदिर परिसर को लेकर इन दिनों स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार पहले यहां लगभग 100 वर्ग फीट क्षेत्रफल में एक छोटा शैलेश मंदिर स्थित था। बाद में श्रद्धालुओं के सहयोग और दान से मंदिर का विस्तार कर भव्य स्वरूप दिया गया तथा शिव मंदिर का भी निर्माण कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर विस्तार के दौरान भूमि सीमित होने के बावजूद आसपास की सड़क की जमीन पर भी निर्माण किया गया। हालांकि उस समय किसी ने खुलकर विरोध नहीं किया। लेकिन हाल ही में मंदिर के सामने की सार्वजनिक सड़क पर पत्थर गाड़कर शिवलिंग स्थापित कर मार्ग को बंद कर दिया गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। पहले से ही संकरी इस सड़क के बंद होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और आसपास के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि सड़क पर हाई मास्क लाइट भी लगा दी गई है, जिससे यह मामला और चर्चा में आ गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि मंदिर के आगे की बंद सड़क को पुनः खोल दिया जाए तो लोगों को काफी राहत मिलेगी और यातायात सुचारु हो सकेगा।
मोहल्लावासियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आमजन की सुविधा और कानून व्यवस्था दोनों बनी रहे। लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्था अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक सड़क को बंद करना उचित नहीं है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



