आधार संलयन में तेजी लाने का निर्देश, 20 फरवरी तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
12 फरवरी: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को जिला आपूर्ति कार्यबल की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार संलयन (ई-केवाईसी), खाद्यान्न वितरण तथा नए राशन कार्ड आवेदनों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।


समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 79.02 प्रतिशत लाभुकों का आधार संलयन कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 20.98 प्रतिशत लाभुकों का कार्य शेष है। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत लाभुकों का आधार संलयन शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन राशन कार्डों में दर्ज सदस्यों का आधार संलयन निर्धारित समय पर नहीं होगा, उनके नाम राशन कार्ड से विलोपित कर दिए जाएंगे और उन्हें खाद्यान्न का लाभ नहीं मिलेगा।


बैठक में यह भी बताया गया कि फरवरी माह में अब तक खाद्यान्न वितरण की प्रगति 16.74 प्रतिशत रही है। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए वितरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि समयबद्ध और शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जा सके।


राज्य खाद्य निगम के भंडार गृह से जन वितरण प्रणाली के भंडार गृह तक खाद्यान्न आपूर्ति की प्रगति 71.08 प्रतिशत बताई गई। जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को 20 फरवरी 2026 तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
नए राशन कार्ड निर्गमन की समीक्षा में प्रपत्र ‘क’ के 5392 तथा प्रपत्र ‘ख’ के 1832 आवेदन लंबित पाए गए। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।


बैठक में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं सहायक भंडार प्रबंधक उपस्थित थे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)