google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

डेरामारी पंचायत में सड़क निर्माण घोटाला, ग्रामीणों की जान खतरे में

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डेरामारी में ग्रामीण सड़क एवं सुधार प्रबंधन कार्यक्रम (RRSMP) और मुख्यमंत्री ग्रामीण संपर्क योजना (अवशेष) के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण एवं रख-रखाव कार्यों में भ्रष्टाचार और भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। घटिया निर्माण कार्यों ने ग्रामीणों की सुरक्षा को गंभीर खतरे में डाल दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि PCC ढलाई के बाद सड़कों के दोनों किनारों पर मिट्टीकरण नहीं किया गया, जबकि सड़क की चौड़ाई भी निर्धारित मानक के विपरीत केवल 10 से 12 फीट रखी गई है। इसके परिणामस्वरूप सड़क और किनारे के बीच खतरनाक ऊँच-नीच बन गई है। वाहन साइड लेते ही असंतुलित होकर पलट रहे हैं और दुर्घटनाएँ आम हो गई हैं।


आरोप है कि ठेकेदारों की मनमानी और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से सड़क निर्माण केवल कागजों में पूरा दिखाया जा रहा है। रख-रखाव के नाम पर हर साल लाखों रुपये निकाले जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर न मरम्मत होती है और न ही सुरक्षा उपाय किए जाते हैं। बिना भौतिक निरीक्षण के भुगतान ने पूरे तंत्र की पोल खोल दी है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत डेरामारी के मुखिया शाहबाज आलम ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, किशनगंज के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मुखिया ने सभी निर्माणाधीन, निर्मित और मेंटेनेंस वाली सड़कों की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कर दोषी ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता विद्यानंद प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार और सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो सड़क हादसों की स्थिति गंभीर हो सकती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)