मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (सीसीएसआईटी) में आईईईई डे-2026 उत्साह, रचनात्मकता और तकनीकी नवाचार के साथ मनाया गया। दो दिवसीय आयोजन में तकनीकी व्याख्यान, इनडोर गेम्स, विभिन्न प्रतियोगिताओं और ‘टीएमयू गॉट टैलेंट’ के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।
आईईईई की वैश्विक थीम ‘एंगेजिंग अवर मेंबर्स वर्ल्डवाइड’ के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में तकनीकी ज्ञान, उद्योग जगत के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन टीएमयू की आईईईई स्टूडेंट ब्रांच और आईईईई वूमेन इन इंजीनियरिंग (डब्ल्यूआईई) एफिनिटी ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
तकनीकी शिक्षा के साथ रचनात्मकता भी जरूरी
सीसीएसआईटी के पूर्व वाइस प्रिंसिपल प्रो. अशोक कुमार ने कहा कि इंजीनियरिंग शिक्षा का उद्देश्य केवल तकनीकी दक्षता हासिल करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को विचारशील, आत्मविश्वासी और रचनात्मक बनाना भी है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. रुहेला नाज ने आईईईई स्टूडेंट ब्रांच और डब्ल्यूआईई एफिनिटी ग्रुप की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीकी शिक्षा, मार्गदर्शन, महिला सशक्तीकरण, सहभागिता और नेतृत्व विकास में इन संगठनों के योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन आईईईई सदस्यों सान्या कुमारी, अनिकेत दीक्षित, नव्या शर्मा, अनामता नकवी, कुमारी प्रियांशी और अर्चना कुमारी ने किया।
एआई और ब्लॉकचेन की संभावनाओं पर चर्चा
समारोह के दौरान ‘ब्लॉकचेन एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: कन्वर्जेन्स ऑफ टू ट्रांसफॉर्मेटिव टेक्नोलॉजीज’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें बेंगलुरु स्थित इन्फोसिस के एसोसिएट कंसल्टेंट और एमिटी यूनिवर्सिटी, रांची से पूर्व में जुड़े रहे प्रभाकर कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
उन्होंने ब्लॉकचेन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की पूरक क्षमताओं, विभिन्न उद्योगों में इनके संभावित उपयोग तथा शोध और नवाचार की उभरती संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इन तकनीकों का व्यावहारिक प्रयोग करने और वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए परियोजनाओं पर काम करने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व सीसीएसआईटी के विभागाध्यक्ष डॉ. रुपल गुप्ता ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में पाठ्येतर गतिविधियों और व्यावसायिक संगठनों की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वयं पहल करने, टीम के साथ समस्याओं का समाधान खोजने और अपने विचारों को व्यावहारिक परिणामों में बदलने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।
लूडो, शतरंज और कैरम में विद्यार्थियों ने दिखाया दम
आयोजन के दौरान लूडो, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के निर्णायक अनुज राघव और हरजिंदर सिंह रहे।
लूडो प्रतियोगिता में बीटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वितीय वर्ष के ओम सागर जैन ने प्रथम, अंश कुमार ने द्वितीय और बीटेक तृतीय वर्ष की दिव्या चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
शतरंज प्रतियोगिता में बीटेक डेटा साइंस के वंश खोत्यन प्रथम, बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के यश जैन द्वितीय और फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के विशाल कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
कैरम प्रतियोगिता में कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर के विक्की कुमार ने प्रथम और रोहित कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के अतुल कुमार गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे।
टीएमयू गॉट टैलेंट में प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
‘टीएमयू गॉट टैलेंट’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तकनीकी कौशल और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक अजय सिंह और ज्योति रंजन लाभ रहे।
तकनीकी श्रेणी में बीटेक एआई/एमएल के पंकज सैनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नृत्य श्रेणी में फार्मेसी के देवांश शर्मा प्रथम, बीसीए की अंकिता घोष द्वितीय और बीसीए प्रथम वर्ष की सूर्यांशी तृतीय स्थान पर रहीं। देवांश वशिष्ठ को क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रुहेला नाज ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में टीएमयू की आईईईई स्टूडेंट ब्रांच के चेयर आशुतोष कुमार, आईईईई डब्ल्यूआईई एफिनिटी ग्रुप की चेयर रिया जैन और इसी समूह की सचिव मन्युपमा कुमारी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आईईईई डे-2026 ने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से नवाचार, सहयोग, नेतृत्व और व्यावहारिक कौशल के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



