सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा
दैनिक समाज जागरण पबांसा
संभल। पबांसा ।कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव सिहावली निवासी 20 वर्षीय टीटू पुत्र रामकिशोर फरीदाबाद में यमुना नदी में डूब गया। हादसे के बाद से ही प्रशासन उसकी तलाश में जुटा है।
जानकारी के अनुसार टीटू गांव के ही राजमिस्त्री मदन सिंह के साथ 4 दिन पहले हरियाणा के फरीदाबाद में मजदूरी करने गया था। वहां गांव के ही जयवीर सिंह का मकान निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार सुबह टीटू अपने साथी अंकित और मकान मालिक के बेटे धर्मेंद्र के साथ यमुना किनारे घूमने गया था।
इसी दौरान टीटू यमुना किनारे खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। तभी अचानक युवक का पैर फिसलने से वह यमुना में बह गया। साथी धर्मेंद्र ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
हादसे की सूचना मिलने परिजन भी फरीदाबाद पहुंच गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की तलाश लगातार जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



