समाज जागरण/सन्तोष कुमार
बीजपुर/सोनभद्र। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर बीजपुर के पुनर्वास प्रथम में समृद्धि जन कल्याण संस्थान की ओर से वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रस्तावित शिक्षा केंद्र परिसर में पौधे लगाए। संस्था का उद्देश्य परिसर को हरा-भरा, स्वच्छ और छायादार बनाना है, ताकि यहां आने वाले बच्चों को बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सिद्धार्थ गुप्ता, उपाध्यक्ष जावेद अहमद, कोषाध्यक्ष जय सिंह, महामंत्री महावीर सिंह गोंड और वरिष्ठ सलाहकार प्रकाश चंद विश्वकर्मा सहित सोनू गुप्ता, रूपेश कुमार, देवदास यादव समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई और प्रस्तावित केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई।
जल्द शुरू होगा निःशुल्क शिक्षा केंद्र
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पुनर्वास प्रथम में निःशुल्क शिक्षा केंद्र शुरू करने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
संस्था का उद्देश्य ऐसे बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है, जिन्हें आर्थिक परिस्थितियों के कारण बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। इसके लिए केंद्र में आवश्यक संसाधन जुटाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
महिलाओं को मिलेगा सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण
शिक्षा केंद्र के साथ क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र भी शुरू किया जाएगा। यहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई समेत विभिन्न रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण देने की योजना है, ताकि वे प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
संस्था के अध्यक्ष सिद्धार्थ गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र के संचालन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से केंद्र के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए जा सकते हैं और जरूरतमंद बच्चों तथा महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
डोडहर में भी खुलेगा निःशुल्क शिक्षा केंद्र
सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि संस्था की ओर से डोडहर में भी जल्द निःशुल्क शिक्षा केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। संस्था ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ महिलाओं और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ शिक्षा और महिला सशक्तीकरण को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
Sonbhadra #Bijpur #Vriksharopan #Shiksha #MahilaSashaktikaran #SamriddhiJanKalyan
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



