शिव शक्ति धाम डासना में होगी भारत की सर्वोच्च कुश्ती प्रतियोगिता
गाजियाबाद। गाजियाबाद के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। शिव शक्ति धाम डासना स्थित श्री कृष्ण योगधाम ट्रस्ट के तत्वावधान में 12, 13 और 14 फरवरी 2026 को सीनियर नेशनल फेडरेशन कप 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता भारतीय कुश्ती संघ की ओर से आयोजित होने वाली भारत की सर्वोच्च कुश्ती प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर यति नरसिंहनंद गिरि जी महाराज ने कहा कि यह आयोजन गाजियाबाद के युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें अनुशासित व संस्कारी जीवन की ओर प्रेरित करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़े युवा नशे और व्यसनों से दूर रहते हैं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से गाजियाबाद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन होगा और यह आयोजन शहर के इतिहास में दर्ज होगा।
श्री कृष्ण योगधाम ट्रस्ट के सचिव अनिल यादव (छोटे नरसिंहनंद) ने बताया कि टूर्नामेंट में देशभर की सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर चयनित शीर्ष 16 टीमें हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले पहलवानों का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक एवं अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 550 महिला एवं पुरुष पहलवान भाग लेंगे।

गाजियाबाद कुश्ती एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजू पहलवान ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का आयोजन शिव शक्ति धाम डासना स्थित श्री कृष्ण योगधाम ट्रस्ट के अत्याधुनिक रेसलिंग हॉल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी 2026 को सभी खिलाड़ियों के साथ-साथ भारतीय कुश्ती संघ के रेफरी और जजों के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था ट्रस्ट द्वारा की जाएगी। आयोजन से संबंधित समस्त व्यय भी ट्रस्ट स्वयं वहन करेगा।
गाजियाबाद कुश्ती एसोसिएशन के संरक्षक जयवीर पहलवान ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को महिला एवं पुरुष वर्ग की फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसमें महिला वर्ग की सभी स्पर्धाएं इसी दिन संपन्न की जाएंगी। महिला वर्ग में ग्रीको-रोमन शैली की प्रतियोगिता शामिल नहीं होगी।
14 फरवरी 2026 को पुरुष वर्ग की शेष प्रतियोगिताएं विभिन्न भार वर्गों में आयोजित की जाएंगी, जिसमें पहलवान फ्री स्टाइल, ग्रीको-रोमन और रोमन स्टाइल में अपने कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
प्रेस वार्ता में बम्हैटा के खलीफा ब्रह्म यादव, सुदेश यादव, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष पंकज मित्तल, उपाध्यक्ष पवन सिंघल, ट्रस्ट सदस्य सुदेश यादव, कोच शिव कुमार यादव, मोहित बजरंगी, लोकेश यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



