बिहार एसटीएफ और सीवान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; ग्लॉक पिस्टल, तीन अन्य पिस्टल, 58 कारतूस, पांच मैगजीन और दो लग्जरी एसयूवी बरामद
समाज जागरण संवाददाता
सीवान (बिहार)। बिहार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार एसटीएफ और सीवान जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस, मैगजीन, नकदी, मोबाइल फोन और लग्जरी वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन सिंह और विकास सिंह के रूप में हुई है।

बिहार पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को सीवान जिले के एम.एच. नगर थाना क्षेत्र के ग्राम डिब्बी में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ग्लॉक पिस्टल, तीन अन्य पिस्टल, 58 जिंदा कारतूस और पांच मैगजीन बरामद कीं। इसके अलावा एक महिंद्रा थार, एक फोर्ड एंडेवर, छह मोबाइल फोन, 45,220 रुपये नकद और एक ड्रैगन लाइट भी बरामद की गई।
आपराधिक वारदात की योजना बनाने की मिली थी सूचना
पुलिस के मुताबिक, गुप्त और तकनीकी सूचना मिली थी कि चंदन सिंह अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बिहार एसटीएफ और सीवान जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की और छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चंदन सिंह पर 11, विकास सिंह पर एक मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चंदन सिंह के खिलाफ सीवान जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, विकास सिंह के विरुद्ध एम.एच. नगर थाना में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित एक मामला दर्ज बताया गया है।
संयुक्त पुलिस कार्रवाई में हथियारों और अन्य सामान की बरामदगी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किन आपराधिक घटनाओं में किया जाना था और गिरोह के अन्य सदस्यों की इसमें क्या भूमिका है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



