google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

झाड़ी में सांप के डसने से छह वर्षीय छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

स्कूल से लौटते समय फूल तोड़ने के दौरान हुआ हादसा, तबीयत बिगड़ने पर गई जान

समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव में सर्पदंश से छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा दो दिन पहले स्कूल से घर लौटते समय सड़क किनारे झाड़ी में फूल तोड़ रही थी, तभी सांप ने उसे डस लिया। उपचार के बाद उसकी तबीयत में सुधार हुआ था, लेकिन शुक्रवार शाम अचानक हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़होर गांव निवासी सलाहुद्दीन की छह वर्षीय पुत्री सफीना प्राथमिक विद्यालय बड़होर प्रथम में कक्षा एक की छात्रा थी। गुरुवार को स्कूल से घर लौटते समय वह सड़क किनारे लगी झाड़ी से फूल तोड़ने लगी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह झाड़ी में गिर गई, जहां छिपे सांप ने उसे डस लिया।

सर्पदंश के बाद सफीना घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए। हालांकि, शुक्रवार शाम अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना ग्राम प्रधान को भी दी गई। शनिवार सुबह मृतका के पिता ने बभनी थाने में तहरीर देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)