वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले में पुलिस प्रशासन को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने पोठिया थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने अभिलेखों को अद्यतन व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए तथा लंबित मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निष्पादन को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना सुनिश्चित किया जाए।
विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने नियमित गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी सागर कुमार ने थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने, उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।निरीक्षण के दौरान थाना के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



