वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
2 फरवरी : बिहार सरकार की “सात निश्चय-3: सबका सम्मान – जीवन आसान” योजना के तहत किशनगंज जिले में जनता की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनता को सरकारी सेवाओं में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इस योजना के तहत अब हर सोमवार और शुक्रवार को लोग सीधे संबंधित अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायतें प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित दिनों में अधिकारी जनता से सम्मान और संवेदनशीलता के साथ मिलेंगे और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करेंगे। यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित हों, तो उनके अधिकृत अधिकारी जनता से मिलेंगे।
साथ ही, सभी कार्यालयों में जनता के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँगी। प्राप्त शिकायतों को पंजी में दर्ज किया जाएगा और उनका नियमित अनुश्रवण किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने इस आदेश का अक्षरशः पालन करने और जनता की शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जनता से अनुरोध है कि अपने आवश्यक मामलों के लिए सोमवार और शुक्रवार को संबंधित कार्यालयों में जाएँ।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



