वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
जिले के बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत सताल इस्तमरार गांव में शुक्रवार की देर रात आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। भीषण अंधड़ के दौरान एक विशाल आम का पेड़ घर पर गिर जाने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो बच्चे घायल हो गए।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय फूलमनी (पति—तालु तुड्डू) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात फूलमनी अपने पति और चार बच्चों के साथ घर में सो रही थी। देर रात अचानक तेज आंधी चली, जिसके कारण घर के पास स्थित एक बड़ा आम का पेड़ जड़ से उखड़कर मकान पर गिर पड़ा।
हादसा इतना भयावह था कि मलबे के नीचे दबने से फूलमनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास में सो रहे दो बच्चे भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घायल बच्चों को तत्काल बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
मृतका के पति तालु तुड्डू ने बताया कि परिवार रात में खाना खाकर सोया हुआ था, तभी अचानक तेज आंधी के साथ पेड़ गिर पड़ा और यह हादसा हो गया।
इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय प्रशासन मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



