वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ: टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को आपूर्ति विभाग ने सख्ती दिखाते हुए विभिन्न बाजारों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कुल 11 होटलों की जांच की गई, जबकि एक गैस एजेंसी की भी पड़ताल की गई। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास के नेतृत्व में मटियारी बाजार, टेढ़ागाछ मुख्य बाजार सहित अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थित होटलों में कार्रवाई की गई। छापेमारी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रोक लगाना था।
जांच के दौरान होटलों में गैस सिलेंडर के उपयोग, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। कई जगहों पर अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को सख्त हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी होटल संचालकों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
विभाग ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की जा सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



