वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम सफलता हासिल करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की एक बाइक भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जिले में वाहन चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 मार्च को जिला आसूचना इकाई को सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान चोरी की मोटरसाइकिल पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही डीआईयू टीम और किशनगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाईवे होटल के समीप घेराबंदी कर नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान (25) एवं लाल मोहम्मद (35) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल (BR37AA8533) बरामद की गई, जो पूर्व में चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, बरामद बाइक किशनगंज थाना कांड संख्या 107/2026 से संबंधित है, जिसका सफल उद्भेदन कर लिया गया है। नितिश चौहान के विरुद्ध चोरी, लूट, छिनतई, हत्या के प्रयास तथा मादक पदार्थ से जुड़े आठ से अधिक मामले दर्ज हैं, जिससे वह क्षेत्र का कुख्यात अपराधी माना जाता है।
पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



