सुरसरि ने पहना दीपों की चंद्रमाला , टिमटिमाते सितारों ने गंगा में की अठखेलियां



टिमटिमाते सितारों ने गंगा में की अठखेलियां

दशाश्वमेध घाट देवताओं के स्वागत में हर हर महादेव- हर हर गंगे के महाजाप से गूंज उठा

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी का दशाश्वमेध घाट देवताओं के स्वागत में ब्राम्हणों के श्लोक के साथ हर हर महादेव, हर-हर गंगे के महाजाप से गूंज उठा। वर्षों से चल रही परम्परा के अनुसार, दशाश्वमेध घाट पर नियमित आरती करने वाली संस्था गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में गंगा महारानी का पूजन-स्तवन संग दुग्धाभिषेक हुआ। तट पर सिंहासनारूढ़ गंगा महारानी की श्रृंगारिक प्रतिमा और उनकी अलौकिक आरती की निराली छवि निहारने को श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा था। धार्मिंक अनुष्ठान का श्रीगणेश मंगलाचरण से हुआ। समिति के संस्थापक अध्यक्ष किशोरी रमण दूबे बाबू महाराज के संयोजन में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुमेरूपीठ शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सस्वती, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्रा, काशी के महापौर अशोक तिवारी, एके खन्ना (अंचल प्रमुख, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया), एमएसआर. के, मूर्ति सहायक महाप्रबंधक (सीजीटीएमएसई), सैकत उपाध्याय एमएसएफ सी के बिरला ग्रुप), रितेश कुमार सिंह उपमहा प्रबंधक सिडबी, दुर्गेश सिंह क्षेत्रीय प्रबंधक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने मां गंगा का शास्त्रोक्त विधि से पूजन के क्रम में 108 लीटर दूध से अभिषेक किया। समूचे घाट की आकर्षक सजावट के साथ ही मां गंगा की 108 किलो की अष्टधातु की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार 108 किलो फूल से किया गया। जिसमें विदेशी फूल संग देशी फूलों का भी समावेश रहा। इस वर्ष के आयोजन में 21 बटुकों संग 42 रिद्धि-सिद्धि द्वारा मां गंगा की महाआरती की गई।
देव दीपावली के उत्सव को यादगार बनाने के लिए कन्हैया दुबे के संयोजन में हुए सांस्कृतिक आयोजन में ख्यातिलब्ध गायक और अभिनेता दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, अमलेश शुक्ला, प्रभुनाथ सिंह दाढ़ी संग तमाम गायकों ने गायकी के माध्यम से अपनी पुष्पांजलि अर्पित की।


केदार घाट पर हुई भव्य आरती

गंगोत्री सेवा समिति द्वारा केदार घाट के सीढ़ीओ पर भी आकर्षक सजावट संग पांच आरती सम्पन कराई गई। आयोजन के अंत में राज्य पुलिस और पीएसी के शहीद हुए जवानों की याद में अश्विन पूर्णिमा से जल रही आकाशदीप का समापन करते हुए उनके नाम से दीपदान किया गया। गंगोत्री सेवा समिति के संदीप दूबे ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देव दीपावली पर केदार घाट पर नियमित गंगा आरती को भव्य रूप से किया गया। पांच अर्चकों के द्वारा मां गंगा की महा आरती की गई। इस दौरान गौरी केदारेश्वर कुंड और घाट की सीढ़ियों को दीपों, फूल- मालाओ, विद्युत झालर से सजाया गया था। आरती के उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।