google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को घर-घर पहुंचाने के लिए सूर्य रथ अभियान शुरू

समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी। ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत हनुमत रिन्यूएबल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में सर्किट हाउस,वाराणसी में आयोजित समीक्षा बैठक एवं प्रेस वार्ता में योजना की प्रगति,जनसामान्य तक इसकी पहुंच तथा रोजगार सृजन के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों ने योजना को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने और पात्र परिवारों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर हनुमत रिन्यूएबल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा चयनित “सोलर दीदी” को जॉब ऑफर लेटर,पात्रता प्रमाण पत्र एवं कौशल विकास प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कंपनी ने बताया कि चयनित सोलर दीदियों को 14,196 प्रतिमाह तक के रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिलेगी।

कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र परिवारों को सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कराने में सहायता प्रदान की जाएगी। विशेष रूप से 2 किलोवाट तक की रूफटॉप सोलर प्रणाली पर उपलब्ध सरकारी सब्सिडी का लाभ दिलाकर आम नागरिकों के बिजली बिल को काफी हद तक कम किया जाएगा। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए वाराणसी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में “सोलर दीदी”, “सोलर मित्र” तथा “सूर्य रथ” के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान घर-घर जाकर लोगों को सौर ऊर्जा के लाभ, सरकारी अनुदान तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन में वाराणसी जनपद प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल है। जिले में बड़ी संख्या में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं,जिससे न केवल स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिला है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। हनुमत रिन्यूएबल्स प्राइवेट लिमिटेड ने संकल्प व्यक्त किया है कि वह प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से अधिकाधिक पात्र परिवारों तक सौर ऊर्जा का लाभ पहुंचाकर ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत और हरित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)