ताजिया जुलूस आज,मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

थानावारा चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता एवं निगरानी हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई सुनिश्चित

मुहर्रम पर्व के अवसर शांति/विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला पदाधिकारी अररिया श्रीमती इनायत खान एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री अमित रंजन द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर दंडाधिकारियों/पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल/लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

अररिया/डा. रूद्र किंकर वर्मा।

मुहर्रम पर्व इस वर्ष दिनांक 17 जुलाई, 2024 को मनाया जायेगा। मुहर्रम पर्व के अवसर पर धुमधाम से ताजिया जुलूस निकालने की परम्परा रही है। इस अवसर पर असामाजिक एवं अपराधिक तत्वों के द्वारा उपद्रव करने की संभावना बनी रहती है, जिसको लेकर सभी थानावारा चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता एवं निगरानी हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। मोहर्रम पर्व के अवसर शांति/विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला पदाधिकारी अररिया श्रीमती इनायत खान एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री अमित रंजन द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर दंडाधिकारियों/पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल/लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी को विशेष दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति किया गया है।
अररिया अनुमंडल क्षेत्र में 124 एवं फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र में 125 स्थलों पर गश्ती दल सहित दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति दिनांक 16.07.2024 के अपराह्न से 18.07.2024 के लिए की गई है, बशर्ते कि उनके क्षेत्र में पर्व शांतिपूर्वक सम्पन्न हो जाय। प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी / पुलिस पदाधिकारी/सशस्त्र बल को अपने प्रतिनियुक्त स्थान पर दिनांक 16.07.2024 के अपराहन में निश्चित रूप से योगदान देने का निर्देश है।
मुहर्रम पर्व के अवसर पर जुलूस हेतु अनुज्ञप्ति प्राप्त करना अनिवार्य है। साथ ही जुलूस में डीजे बजाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। जुलूस में उत्तेजक, भड़काऊ गाना, नारेबाजी तथा प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जाना है। इसे हेतु अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
समाहरणालय अररिया में दूरभाष संख्या 06453 222309 पर जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। इसके वरीय प्रभार में श्री अजय कुमार ठाकुर अपर समाहर्ता जि0लो0शि0नि0 पदाधिकारी अररिया रहेंगे तथा प्रभारी पदाधिकारी के रूप में श्री नितेश कुमार पाठक सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग अररिया रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष में 24X7 पालीवार पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसी प्रकार अनुमंडल नियंत्रण कक्ष अनुमंडल पदाधिकारी, अररिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज के क्रमश: दूरभाष संख्या 06453 222070 एवं 06455 295202 पर कार्यरत रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। वहीं संपूर्ण जिला के विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में श्री राजमोहन झा अपर समाहर्ता अररिया एवं पुलिस उपाधीक्षक (मु०) अररिया रहेंगे।