दैनिक समाज जागरण अनील कुमार संवाददाता नबीनगर (औरंगाबाद)
नबीनगर (बिहार)बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर जिला इकाई औरंगाबाद के शिक्षकों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अपनी मांगो के समर्थन में शिक्षक राजेंद्र पार्क से पुरानी जीटी रोड होते हुए समाहरणालय गेट के पास धरना पर बैठ गए।
प्रमुख मांगो में शिक्षकों की प्रोन्नति और ऐच्छिक स्थानांतरण,नियोजित शिक्षकों का 4 माह से लंबित वेतन का भुगतान, पूर्ण वेतनमान और पुरानी पेंशन और सभी कोटि के शिक्षकों को हर माह 1 तारीख को वेतन का भुगतान है।धरना को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव धनंजय सिंह ,रमेश सिंह, जिला सचिव विनय यादव ने कहा कि 20 साल से शिक्षा दे रहे नियोजित शिक्षक विभाग की दोहरी नीति से त्रस्त हैं। तेज गर्मी में भी शिक्षक सड़क पर उतरने को मजबूर हैं, ये सिस्टम पर तमाचा है।
प्रोन्नति और कालबद्ध वेतन उन्नयन नहीं होने से शिक्षक आर्थिक-मानसिक परेशानी झेल रहे हैं।संघ ने मांगें नहीं मानने पर मानसून सत्र के दौरान बिहार विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया। नेताओं ने एडीएम अनुग्रह कुमार सिंह, डीईओ सुरेंद्र कुमार,डीपीओ स्थापना भोला कर्ण को 26 सूत्री मांग पत्र सौंपा।प्रदर्शन में सुनील कुमार सिंह, उदय कुमार सिंह, सुधीर कुमार सिंह, नीतीश कुमार, भारत भूषण,मनोज कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।



