समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव को गुरुवार को बड़ी कानूनी राहत मिली। कोविड महामारी के दौरान धरना-प्रदर्शन करने से जुड़े एक मामले में पटना सिविल कोर्ट स्थित सांसद-विधायक (MP-MLA) विशेष अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। तेजस्वी यादव अपने अधिवक्ताओं के साथ अदालत में पेश हुए, जहाँ सुनवाई के बाद उन्हें तत्काल राहत प्रदान की गई। अदालत से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि कोविड काल में जब जनता परेशान थी और मजदूर सड़कों पर थे, तब उन्होंने उनकी समस्याओं को उठाने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। उन्होंने इसे ‘फर्जी मुकदमा’ करार देते हुए कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के तहत उन पर कार्रवाई की गई थी।
तेजस्वी ने न्यायपालिका पर अटूट भरोसा जताते हुए कहा की हम लोकतांत्रिक तरीके से जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे और संविधान के दायरे में रहकर सरकार को घेरना जारी रखेंगे। इस दौरान तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचाने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जनता पर बोझ डाल रही है। उन्होंने नोटबंदी और लॉकडाउन का जिक्र करते हुए कहा कि इन फैसलों से छोटे व्यापारियों और गरीबों को सबसे अधिक चोट पहुँची है।
तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि डीजल-पेट्रोल की समस्या का समाधान सरकार को निकालना चाहिए, न कि जनता पर प्रतिबंध लगाकर पल्ला झाड़ना चाहिए।तेजस्वी की पेशी के दौरान अदालत परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। जमानत मिलने की खबर सुनते ही वहाँ मौजूद बड़ी संख्या में राजद समर्थकों ने खुशी जताई और इसे ‘सत्य की जीत’ बताया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस कानूनी राहत के बाद तेजस्वी यादव आगामी चुनावों को देखते हुए सरकार पर और अधिक हमलावर होंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



