अनिल कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण
ओबरा/ सोनभद्र। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने 18 दिसंबर 2025 को ओबरा थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी, जिसका उन्होंने अभिवादन स्वीकार किया।
निरीक्षण के दौरान, उन्होंने थाने में रखे अभिलेखों, अभिरक्षा व्यवस्था, मालखाना, शस्त्रागार और सीसीटीएनएस का गहनता से जायजा लिया। इसके अतिरिक्त, लंबित एवं प्रचलित विवेचनाओं की प्रगति, भोजनालय कक्ष और थाना परिसर की साफ-सफाई का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के बाद, अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी ओबरा समेत सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया। साथ ही, अभिलेखों के समुचित संधारण, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण और जनता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में, शासन की मंशा और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के तहत संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना ओबरा स्थित मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान, मिशन शक्ति से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई और प्रतिदिन की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति टीम को निर्देश दिया कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महिलाओं की चौपाल, जनजागरूकता कार्यक्रमों और अन्य माध्यमों से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मिशन शक्ति केंद्र पर प्राप्त महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



