चोपन पुलिस की साइबर टीम ने दिलाई सफलता, पीड़ितों को ₹50,331 की ठगी राशि कराई वापस

समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी

चोपन/ सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के तीन पीड़ितों को उनकी धोखाधड़ी से गई राशि वापस मिल गई है। चोपन पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल ₹50,331.25 की धनराशि पीड़ितों के बैंक खातों में सफलतापूर्वक वापस कराई। पहला मामला जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम भटिहटा निवासी विजय बहादुर पुत्र मंगल का है। उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 16 अक्टूबर 2025 को ₹33,000 की धोखाधड़ी हुई थी। इसी प्रकार, चोपन थाना क्षेत्र के शलिल चौरसिया के खाते से 17 सितंबर 2025 को ₹1,408 और श्याम बिहारी के खाते से 23 सितंबर 2025 को ₹25,000 अज्ञात खातों में स्थानांतरित हो गए थे। इन सभी प्रकरणों की जानकारी मिलने पर चोपन साइबर टीम ने पीड़ितों से पूछताछ की और आवश्यक लेनदेन संबंधी दस्तावेज प्राप्त किए। इसके बाद, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायतें दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चोपन कुमुद शेखर सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने एनसीआरपी पोर्टल का गहन अवलोकन किया। टीम ने विजय बहादुर के ₹23,923.25, शलिल चौरसिया के ₹1,408 और श्याम बिहारी के ₹25,000 को संबंधित खातों में होल्ड कराया। एनसीआरपी पोर्टल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर, संबंधित बैंक शाखाओं को ईमेल के माध्यम से पत्राचार किया गया। इस तत्परता के परिणामस्वरूप, तीनों पीड़ितों की कुल ₹50,331.25 की ठगी गई धनराशि उनके मूल बैंक खातों में सफलतापूर्वक वापस आ गई। राशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने चोपन साइबर टीम की सराहना की। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह और साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल थे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)