अभिभावको ने खंड शिक्षा अधिकारी पर लापरवाही का लगाया आरोप।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है खंड शिक्षा अधिकारी।
समाज जागरण
राजगढ़ मीरजापुर / विकासखंड राजगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ददरा का मेंन गेट टूट कर गिरने से गेट के पास खेल रहे बालक तथा एक बालिका जख्मी हो गए। परिजनों द्वारा दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया ।जहां प्राथमिक उपचार के बाद बालक की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया गया।
विकास खंड के ददरा गांव में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, प्राथमिक विद्यालय ददरा तथा आंगनबाड़ी केंद्र एक ही परिसर में स्थित है। परिसर में एक ही गेट लगाया गया है।जिससे होकर खण्ड शिक्षा अधिकारी अध्यापक तथा बच्चे परिसर में प्रवेश करते हैं। सोमवार की सुबह ददरा गांव निवासी महेंद्र का चार वर्षीय पुत्र शिवांश तथा अजय की 3 वर्षीय पुत्री नैना आंगनबाड़ी केंद्र ददरा में पढ़ने के लिए गई थी। विद्यालय के गेट के पास ही दोनों खेल रहे थे। तभी लगभग 11:30 बजे विद्यालय का गेट अचानक टूट कर गिर गया।
जिससे गेट के पास खेल रहे शिवांश तथा नैना गेट के नीचे दबाने से जख्मी हो गए। गेट के नीचे घायल अवस्था में दबे दोनों बच्चों को स्कूल के स्टाफ द्वारा बाहर निकाल कर उन्हें घर भेज दिया गया।रोते बिलखते दोनों बच्चे घायल अवस्था में अपने अपने घर पहुंचे। परिजनों द्वारा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया। जहां प्रथमिम उपचार के बाद शिवांश की हालत गंभीर देख चिकित्सक द्वारा जिला अस्पताल सोनभद्र भेज दिया गया तथा नैना की हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया। घटना से आक्रोशित परिजन विद्यालय पर पहुंच कर अध्यापकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव इसी गेट से आते जाते है, परन्तु महीनों से जर्जर अवस्था मे पड़े गेट पर ध्यान नही दिए। जिससे जाहिर होता है कि खंड शिक्षा अधिकारी बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।कार्यालय के समीप स्थित प्राथमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा इस तरह की लापरवाही बरती जा रही है,तो अन्य विद्यालयों की क्या स्थिति होगी।
लापरवाही की हद तो तब हो गई की खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप बने शौचालय के तीन गड्ढे खुले हुए थे। जिसमें लगभग 15 दिन पहले एक बालक गिर गया था। जिसे हल्की चोट भी आई थी। बालक को गड्ढे से निकलकर घर भेज दिया गया था।घटना के बाद दो गड्ढे ढक दिए गए। लेकिन एक गड्ढा अभी भी खुला हुआ है।जो शायद किसी बड़ी घटना के इंतजार में है। प्राथमिक विद्यालयों पर फर्स्ट एड बॉक्स रखने के लिए सरकार की ओर से निर्देश दिया गया है। परंतु चोट लगने के बाद बच्चों को प्रथम उवचार के बजाय उसी हाल में घर भेज दिया गया।जिससे साफ तौर पर जाहिर हो रहा है कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सरकार के निर्देशों की अनदेखी की जा रही है तथा बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान नही दिया जा रहा है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव ने बताया कि स्कूल का गेट गिरने से दो बच्चे घायल हो गए हैं। दोनों का उपचार कराया गया है। गेट जर्जर हो चुका था और अचानक गिर गया।



