अभय कुमार मिश्रा, दैनिक समाज जागरण, ब्यूरो चीफ, कोल्हान झारखंड
सरायकेला खरसावां (झारखंड) 19 सितंबर 2025: आदित्यपुर के सीटू से संबद्ध टिस्को मजदूर यूनियन के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ मजदूर नेता कॉमरेड के.के. त्रिपाठी का शुक्रवार को पार्वती घाट, बिष्टुपुर में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर उनके पार्थिव शरीर को सीटू के झंडे से ढककर कॉमरेडों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इससे पूर्व शवयात्रा उनके आदित्यपुर-01 स्थित आवास, मार्ग संख्या-18 से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, यूनियन कार्यकर्ता, राजनीतिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं परिजन शामिल हुए। भावभीनी विदाई के साथ उनकी अंतिम यात्रा पार्वती घाट पहुंची, जहां उन्हें पंचतत्व में विलीन किया गया।
ज्ञात हो कि 92 वर्षीय कॉमरेड त्रिपाठी का गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से पूरे आदित्यपुर-टाटानगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के मौके पर झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, माले नेता ओम प्रकाश सिंह, सीपीआई नेता जे.पी. सिंह, समाज विज्ञानी रवीन्द्रनाथ चौबे सहित कई मजदूर नेता, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।
मजदूर आंदोलन को नई दिशा देने वाले कॉमरेड त्रिपाठी ने अपने लंबे जीवन में अनेक श्रमिक आंदोलनों का नेतृत्व किया। उनके निधन पर आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने गहरा शोक जताते हुए कहा कि स्व. त्रिपाठी श्रमिक वर्ग के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहे। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर ने एक सीनियर अभिभावक खो दिया है, जिसकी भरपाई असंभव है। वहीं मजदूर नेताओं और यूनियन के साथियों ने वादा किया कि कॉमरेड त्रिपाठी के अधूरे संघर्षों को आगे बढ़ाया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



