वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
21 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जलजमाव और ठहरे हुए पानी में मच्छरों का तेजी से प्रजनन होने से संक्रमण का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि संक्रमण मां के साथ-साथ गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डाल सकता है। जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू एवं मलेरिया की जांच और उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, बदन दर्द, उल्टी, अत्यधिक कमजोरी या शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि डेंगू में प्लेटलेट्स तेजी से कम हो सकते हैं, जिससे रक्तस्राव और अन्य गंभीर जटिलताओं का खतरा बढ़ जाता है। वहीं मलेरिया गर्भपात, समयपूर्व प्रसव, नवजात के कम वजन, एनीमिया तथा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शबनम यास्मीन ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान डेंगू और मलेरिया का संक्रमण मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पूरी बांह के कपड़े पहनने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार सुरक्षित मच्छररोधी क्रीम लगाने तथा बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करने की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर, फूलदान एवं पानी की टंकियों का पानी नियमित रूप से बदलने, दिन-रात मच्छरदानी का उपयोग करने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने तथा तेज बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की है।
सिविल सर्जन ने कहा कि डेंगू और मलेरिया से बचाव में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखे तथा मच्छरों को पनपने से रोके, तो इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बरसात के मौसम में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



