google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

एक माह में उखड़ने लगी पिच रोड, गड्ढों में भरा बरसाती पानी

समाज जागरण अनिल कुमार
हरहुआ वाराणसी। स्थानीय विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सभा गोकुलपुर के राजस्व गांव सेहमलपुर में करीब एक माह पहले बनी पिच सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगीं और बरसात शुरू होते ही सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।


वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-31) से जियो पेट्रोल पंप के बगल से सेहमलपुर जाने वाली सड़क से जमालपुर, सेहमलपुर, सुरवा, बेरवा, भटौली, औसानपुर, करोमा, चक्का सहित कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। हाईवे से सड़क के जुड़ने वाले स्थान पर ही करीब 50 मीटर हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई है।


ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान यह ध्यान नहीं दिया गया कि बारिश का पानी कहां जमा होगा। कई स्थानों पर सड़क का लेवल भी सही नहीं है। कहीं गिट्टियां उखड़ रही हैं तो कहीं सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है। कई बार लोग पानी से भरे गड्ढों का अंदाजा नहीं लगा पाते और गिरकर चोटिल हो जाते हैं।


इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे साइकिल और पैदल आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाली के कारण उन्हें भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क को बने अभी एक माह भी ठीक से नहीं बीता है और उसकी गिट्टियां उखड़ने लगी हैं, तो निर्माण की गुणवत्ता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।


ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और घटिया निर्माण को हटाकर सड़क का दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिल सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)