नोएडा सेक्टर-63 की चोटपुर कॉलोनी में 24 घंटे से बिजली गुल, JE ने बिजलीघर में खुद लगाया ताला

नोएडा, 29 जून:
नोएडा के सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कॉलोनी के सैकड़ों निवासी बीते 24 घंटे से बिजली के बिना बेहाल हैं। इलाके में गर्मी और उमस के बीच जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हैरानी की बात यह है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बावजूद क्षेत्रीय जूनियर इंजीनियर (JE) ने किसी समाधान की जगह उल्टा बिजलीघर (सब स्टेशन) में ताला लगाकर खुद को भी पहुंच से बाहर कर लिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट की जानकारी देने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उपभोक्ताओं के अनुसार, जब शिकायतें बढ़ीं तो JE साहब ने खुद ही बिजलीघर में ताला जड़ दिया और मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।

स्थानीय निवासी नाराज
चोटपुर निवासी सुरेश कुमार ने बताया, “पिछली रात से बिजली नहीं है। बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग परेशान हैं। गर्मी में नींद तक नसीब नहीं हो रही। हमने कई बार 1912 पर शिकायत की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।”

प्रशासन मौन, समाधान नहीं
ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कुछ लोगों ने स्थानीय प्रशासन और नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। वहीं बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

अब देखना यह होगा कि जनता की इस समस्या पर विभाग कब तक संज्ञान लेता है और बिजली आपूर्ति बहाल करता है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)