वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
28 जनवरी: कोचाधामन विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के अस्थाई संचालन के लिए स्थान चयन को लेकर क्षेत्र में सक्रियता बढ़ गई है। बुधवार को सुंदरबारी पंचायत के मुखिया तनवीर आलम और सौंथा पंचायत के समाजसेवी बाबर आलम ने जिलाधिकारी विशाल राज से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आग्रह किया कि डिग्री कॉलेज के लिए धनपुरा में चयनित अस्थाई स्थान पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि कॉलेज को किसान इंटीग्रेशन नेशनल कॉलेज, सुंदरबारी या आसपास की पंचायतों में ही अस्थाई रूप से संचालित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया कि सुंदरबारी और आसपास का क्षेत्र भौगोलिक रूप से अधिक सुलभ है। इससे छात्रों के आवागमन में सुविधा होगी और दूर-दराज की पंचायतों के छात्रों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस क्षेत्र में कॉलेज संचालन के लिए पर्याप्त संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए उपयुक्त है।
जिलाधिकारी विशाल राज ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि ज्ञापन पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को सुलभ बनाना है और स्थान चयन के मामले में सभी पहलुओं, भौगोलिक सुविधाओं और छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए गहन समीक्षा के बाद निर्णय लिया जाएगा।
प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि कॉलेज का संचालन ऐसे क्षेत्र में होना चाहिए जो छात्रों के लिए पहुंच में आसान हो और जहां पर्याप्त सुविधाएं मौजूद हों। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि प्रशासन स्थानीय भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही कॉलेज के अस्थाई संचालन पर अंतिम निर्णय लेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



